गायत्री परिवार की युवा इकाई डिवाइन इंडिया यूथ एसोसिएशन (दिया) राजस्थान के संयोजन, सुविवि व यूनिसेफ के साझे में स्वामी विवेकानंद सभागार में दो दिवसीय युवा महोत्सव आरोहण मंगलवार को शुरू हुआ। मुख्य अतिथि सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने कहा कि युवा संकल्प से ही राष्ट्र का परम वैभव प्राप्त होगा और समाज के नवनिर्माण का मार्ग प्रशस्त होगा। भारत युवाओं का देश है। बिना युवाओं के कोई भी रीति-नीति नहीं चल सकती है। हर चुनौती का समाधान युवाओं के हाथों में है। वनवासी कल्याण आश्रम के भगवान सहाय ने कहा कि संपूर्ण विश्व भारत की युवा पीढ़ी की ओर आशा से निगाह लगाए बैठा है। यह बड़ी ही सुखद बात है कि विश्व के मुकाबले भारत में सबसे ज्यादा युवा है। इसे सीधे तौर पर कहें तो भारत युवाओं का देश है। सुविवि कुलपति सुनीता मिश्रा ने कहा कि देश को आगे बढ़ाने का जिम्मा नई पीढ़ी पर है। पेसिफिक विश्वविद्यालय के अध्यक्ष और गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति बी.पी. शर्मा, यूनिसेफ प्रतिनिधि शफकत हुसैन, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. इप्सित प्रताप सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। दिया राजस्थान कार्यसमिति प्रांतीय संयोजक लोकेश शर्मा ने बताया कि समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं में सैकड़ों युवाओं ने भागीदारी की। सभी ने भविष्य में आने वाली चुनौतियों से मुकाबले करने का संकल्प लिया। आदित्य देशमुख के निर्देशन में सोशल मीडिया के उपयोग विषय पर वाद विवाद प्रतियोगिता में निर्णायक चिराग और मनीषा, हेमांग जोशी के निर्देशन में निर्णायक वरुण सुराणा और हिम्मत सिंह द्वारा आईडियाथॉन प्रतियोगिता, आदित्य कुमार के निदेशन में सांस्कृतिक विरासत प्रश्नोत्तरी, अंकिता जोशी के निर्देशन में पोस्टर प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने समग्र स्वास्थ, सोशल मीडिया, पारिवारिक और सामाजिक दबाव, मानसिक तनाव आदि विषयों पर विचार प्रस्तुत किए। प्रांत स्तरीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रोफेसर डॉ. बालूदान बारहठ व हेमंत श्रीमाली ने किया। महोत्सव का समापन बुधवार शाम 5 बजे देव संस्कृति विवि, हरिद्वार के प्रति कुलपति और अखिल विश्व गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पंड्या की मौजूदगी में होगा। विशिष्ट अतिथि प्रभारी मंत्री हेमंत मीणा, सांसद डॉ. मन्नालाल रावत, दयाल बाग शिक्षण संस्थान के वरिष्ठ निदेशक प्रोफेसर पी.के. कालरा, कुकु एफएम के संस्थापक लालचंद बिसु मार्गदर्शन करेंगे। टीवी शो सारेगामापा की विजेता इशिता विश्वकर्मा द्वारा प्रज्ञा गीत, नाट्यांश समूह द्वारा युवा सशक्तिकरण पर नाटिका, दिया डायरी का विमोचन, भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा के प्रांतीय विजेताओं को पुरस्कार समापन सत्र के मुख्य आकर्षण होंगे।


