डिस्कॉम इंजीनियर से ऊर्जा मंत्री बोले- तू फोन नहीं उठाता:काम नहीं करेगा तो शाहबाद रखूंगा या कस्बाथाना जाएगा; लाइनमैन को सस्पेंड किया

ऊर्जा मंत्री हीरा लाल नागर बुधवार को उनियारा नगर पालिका में लगे शहरी सेवा शिविर में बिजली विभाग के इंजीनियर पर भड़क उठे। उन्होंने बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर(J.En) दिनेश मीणा से कहा- तू फोन नहीं उठाता है, कहां का रहने वाला है, गंगापुर का है, बात सुन भाई, अगर तू काम नहीं करेगा तो शाहबाद रखूंगा या कस्बाथाना(बारां) जाएगा। इसके बाद उन्होंने बिजली विभाग के एसई से कहा- बात सुनिए एसई साहब, शाहबाद(बारां) या कस्बाथाना(बारां) भेज दूंगा मैं। इसके बाद वापस J.En से कहा कि पता नहीं लगेगा आने में। समझ गया न तू, दुबारा शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। शिकायत पर लाइनमैन को सस्पेंड किया
दरअसल नागर शाम को नगर पालिका में लगे शहरी सेवा शिविर पहुंचे थे और लोगों की समस्याओं को सुन रहे थे। इसी बीच शिविर में लोगों से बिजली निगम के J.En समेत अन्य कर्मचारियों की शिकायत मिलने पर भड़क गए। पलाई फीडर लाइनमैन पूरण मल की शिकायत मिलने पर ऊर्जा मंत्री ने उसे सस्पेंड करने के निर्देश दिए। साथ ही उनियारा नगर पालिका में पट्टा वितरण में 4 साल से लगे कर्मचारी की शिकायत मिलने पर उसकी ड्यूटी अन्य शाखा में लगाने के निर्देश दिए। शिविर में मंत्री ने J.En से कहा- किसान के पोल लग गए। तार खींच गए। फिर भी 2 महीने से लाइट नहीं लगाई है, क्यों? यह सुनकर J.En ने कल लगाने की बात कही। उनियारा पहली बार पहुंचे तो लोगों ने उलाहना दिया
हालांकि उपचुनाव के बाद पहली बार उनियारा पहुंचे ऊर्जा मंत्री को लोगों ने उलाहना भी दिया। लोगों ने कहा कि आपने विधानसभा उप चुनाव में कहा था कि बीजेपी प्रत्याशी राजेंद्र गुर्जर को जीताओ, आपके कोई काम नहीं रुकेंगे। चुनाव के बाद आप पहली बार उनियारा आए हो, यहां बिजली निगम के कर्मचारी जनता की नहीं सुनते हैं, कर्मचारी हो या अधिकारी लोगों के फोन नहीं उठाते हैं। हम किसे समस्या बताए। यह सुनकर ऊर्जा मंत्री नागर बिजली कर्मचारियों पर भड़क गए। मंत्री ने कहा- भ्रष्टाचार किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को लोगों की समस्याओं के जल्द समाधान के निर्देश दिए। इनपुट सहयोग: आनंद शर्मा

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *