डिस्ट्रिक्ट क्लब संस्थान की कार्यकारिणी के चुनाव 11 जनवरी को होंगे। करीब 100 साल पुराने क्लब के इतिहास में पहली बार चुनाव में कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है। अब तक हर बार कार्यकारिणी निर्विरोध बनती रही है, लेकिन इस बार आठ पदों पर दो से अधिक प्रत्याशियों ने नामांकन कर चुनाव को रोचक बना दिया है। क्लब में पहली बार उद्योगपति, डॉक्टर, चार्टर्ड अकाउंटेंट और पार्षद जैसे अलग-अलग वर्गों के लोग चुनाव मैदान में उतरे हैं। डिस्ट्रिक्ट क्लब में 292 पंजीकृत सदस्य हैं। डिस्ट्रिक्ट क्लब की 11 सदस्यीय कार्यकारिणी में कलेक्टर पदेन अध्यक्ष और एसडीएम पदेन सचिव होते हैं। एक कार्यकारिणी सदस्य को अध्यक्ष द्वारा मनोनीत किया जाता है। शेष आठ पद संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष, खेल सचिव, सांस्कृतिक सचिव और चार कार्यकारिणी सदस्य पदों पर चुनाव होगा। निर्वाचन अधिकारी के अनुसार प्रत्याशी 9 जनवरी तक नाम वापस ले सकते हैं, जबकि 11 को मतदान होगा। नियमों के अनुसार एक प्रत्याशी केवल एक ही पद पर चुनाव लड़ सकता है। चुनाव अधिकारी ने बताया कि सबसे ज्यादा नामांकन कार्यकारिणी सदस्य के लिए आए हैं। दो पदों के लिए पांच-पांच और दो पदों के लिए छह-छह दावेदार हैं। संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष पद के लिए चार-चार नामांकन हुए हैं। खेल सचिव पद पर दो उम्मीदवार हैं, जबकि सांस्कृतिक सचिव पद के लिए पांच प्रत्याशियों ने दावेदारी पेश की है। फिलहाल कई प्रत्याशियों ने एक से अधिक पदों पर नामांकन कर रखा है, लेकिन 9 जनवरी को नाम वापसी के बाद प्रत्याशियों की वास्तविक संख्या सामने आ जाएगी।


