भास्कर न्यूज|लोहरदगा डिस्ट्रिक सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस नदिया हिंदू, लोहरदगा में रविवार को राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की ‘ए’ सर्टिफिकेट परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। इस परीक्षा में एनसीसी कैडेट्स ने उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लिया। परीक्षा में 1 झारखंड नेवल यूनिट एनसीसी, रांची के ट्रूप नंबर 15 के 42 कैडेट्स तथा 2 झारखंड एयर स्क्वाड्रन एनसीसी, रांची के ट्रूप संख्या 27 के 39 कैडेट्स शामिल हुए। परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से किया गया। परीक्षा के सफल संचालन हेतु एनसीसी ग्रुप मुख्यालय, रांची द्वारा नियुक्त नेवल यूनिट के लीडिंग सीमैन पुष्पराज सिंह एवं एयर विंग के जे.डब्ल्यू.ओ. एस. के. सिंह तथा सीपीएल जी. एस. चौधरी उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य निश्चल मिंज, एयर विंग के एनसीसी अधिकारी तरुण कुमार तथा नेवल विंग के एनसीसी अधिकारी सुभाष चंद्र कौशल ने भी परीक्षा व्यवस्था में अहम भूमिका निभाई। गौरतलब है कि एनसीसी ‘ए’ सर्टिफिकेट प्राप्त करने से कैडेट्स को सेना भर्ती सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष लाभ मिलता है।


