डीग शहर में अतिक्रमण की समस्या से निपटने के लिए सोमवार शाम कोतवाली पुलिस ने अभियान चलाया। थाना प्रभारी रामनरेश मीणा के नेतृत्व में पुलिस बल ने दुकानों के आगे किए गए अतिक्रमण को हटवाया और दुकानदारों को समझाइश दी। यह अभियान शहर के प्रमुख बाजारों जैसे मार्केट, घंटाघर, लोहा मंडी, नई सड़क, पुराना बस स्टैंड, गणेश मंदिर और पुरानी अनाज मंडी क्षेत्रों में चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे खड़े वाहनों के भी ट्रैफिक पुलिस ने नो-पार्किंग के चालान काटे। थाना प्रभारी रामनरेश मीणा ने दुकानदारों से बात करते हुए समझाया कि अतिक्रमण के कारण राहगीरों और वाहनों को निकलने में परेशानी होती है, जिससे अक्सर लंबा जाम लग जाता है। उन्होंने कहा कि यह समस्या आम जनता के लिए बड़ी दिक्कत पैदा करती है। मीणा ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी दुकानदार ने अपनी दुकान के आगे दोबारा अतिक्रमण किया, तो उनके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर टीआई रामभरोसी, एएसआई राजवीर सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


