डीग की जुरहरा थाना पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 6 शातिर ठगों को गिरफ्तार किया है, जो फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सस्ती गाय-भैंस बेचने का झांसा देकर लोगों को अपना शिकार बनाते थे। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर सोनोखर के जंगलों में दबिश दी गई। वहां 6 आरोपी बैठकर ऑनलाइन ठगी की साजिश रच रहे थे। इनका तरीका बेहद शातिर था। ये सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर दुधारू पशुओं की तस्वीरें डालते थे। इसके बाद ग्राहकों से परिवहन और किराए के नाम पर हजारों रुपए अपने फर्जी बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लेते थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 स्मार्टफोन और कई फर्जी सिम कार्ड बरामद किए हैं। यह गिरोह केवल ठगी ही नहीं करता था, बल्कि फर्जी सिम कार्ड्स को ऊंचे दामों पर अन्य अपराधियों को भी बेचता था। फिलहाल, पुलिस सभी 6 आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है ताकि उनके पूरे नेटवर्क और अन्य ठगी के मामलों का पता लगाया जा सके।


