डीग में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजीव सिंह के नेतृत्व में बुधवार को कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्ट्रेट के बाहर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका गया। कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार की कार्रवाई अब बेनकाब हो चुकी है। उन्होंने बताया कि दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने यंग इंडियन मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई को अवैध और दुर्भावनापूर्ण करार दिया है। नेताओं ने अदालत के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि ईडी का मामला उसके क्षेत्राधिकार से बाहर है। इसके अलावा ईडी के पास कोई एफआईआर भी नहीं है, जिसके अभाव में कोई वैध मामला नहीं बनता। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पिछले एक दशक से मोदी सरकार मुख्य विपक्षी दल के खिलाफ राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई कर रही है। यह बात अब देश के सामने उजागर हो चुकी है। कांग्रेस नेताओं ने जोर देकर कहा कि इस मामले में न तो मनी लॉन्ड्रिंग का कोई मामला है, न ही अपराध से अर्जित कोई आय और न ही किसी प्रकार का संपत्ति हस्तांतरण हुआ है। उनके अनुसार ये सभी आरोप निम्नस्तरीय राजनीति और द्वेष से प्रेरित थे, जो अब निराधार साबित हो गए हैं। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी और उसका नेतृत्व सत्य के लिए तथा हर भारतीय के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करता रहेगा। नेताओं ने कहा कि कांग्रेस को कोई डरा नहीं सकता, क्योंकि पार्टी सत्य और संविधान के साथ खड़ी है। इस अवसर पर मोहन सिंह, महेंद्र, भवानी शंकर, शुघड सिंह, पंकज भूषण एडवोकेट, भगवान सिंह कोली, नंदकिशोर बेढ़म, श्रीराम चुल्हेरा, महमूद खान, राजकुमार सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


