डीग में जिला शिक्षा अधिकारी के खिलाफ प्रदर्शन:निजी स्कूल संचालकों ने निदेशालय के निर्देशों की अनदेखी का लगाया आरोप

डीग जिले में सैकड़ों निजी स्कूल संचालकों ने गुरुवार को जिला शिक्षा अधिकारी मनोज खुराना के खिलाफ प्रदर्शन किया। संचालकों ने उन पर शिक्षा निदेशालय द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अवहेलना करने का गंभीर आरोप लगाया है।
स्कूल शिक्षा परिवार भरतपुर के संभाग प्रभारी उदयभान शर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्कूल संचालक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया। संचालकों ने आरोप लगाया कि जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए RTE (शिक्षा का अधिकार) के तहत होने वाली शैक्षणिक सत्यापन प्रक्रिया को बार-बार गैर-नीतिगत तरीके से निरस्त किया जा रहा है।
स्कूल संचालकों ने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी का दायित्व केवल सत्यापन दल द्वारा की गई जांच की पुष्टि करना है। इसके बावजूद, वे अपने अधिकार क्षेत्र से बाहर जाकर निर्णय ले रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि फीस वृद्धि का अधिकार स्कूल लेवल फीस कमेटी (SLFC) को है, न कि जिला शिक्षा अधिकारी को। संचालकों ने बताया कि शिक्षा निदेशालय के आदेशों की प्रतियां पहले ही जिला शिक्षा अधिकारी को उपलब्ध कराई जा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद उन आदेशों की अनदेखी की जा रही है।
जिला शिक्षा अधिकारी के कार्यालय में उपस्थित न मिलने पर निजी स्कूल संचालकों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। निजी विद्यालय संचालकों ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिनों के भीतर उनकी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो जिले के सभी निजी विद्यालयों में अवकाश रखकर व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *