डीग प्राथमिक अध्यापक संघ लेवल प्रथम के एक प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को जिला कलेक्टर उत्सव कौशल को मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन लेवल प्रथम अध्यापकों की लंबित पदोन्नति और अन्य सेवा संबंधी मांगों को लेकर दिया गया। संघ ने अपनी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की मांग की है। संगठन के जिला अध्यक्ष रत्तीराम मीना ने बताया कि लेवल प्रथम टीचरों को पदोन्नति से वंचित रखना उनके साथ अन्याय है। उन्होंने शीघ्र पदोन्नति के वैधानिक लाभ प्रदान करने की मांग की। इसके अतिरिक्त, बीएड इंटर्नशिप अवधि के दौरान की जा रही वेतन कटौती को पूरी तरह समाप्त करने और काटी गई राशि का भुगतान करने की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई। ज्ञापन में यह भी बताया कि लंबे समय से पदोन्नति प्रक्रिया लंबित रहने के कारण लेवल प्रथम टीचरों में असंतोष व्याप्त है। इससे उनके मनोबल और शैक्षिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। संगठन ने प्रशासन से टीचरों के हित में शीघ्र निर्णय लेकर न्यायोचित समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल में संभाग अध्यक्ष जीतेंद्र कुमार, जिला अध्यक्ष रत्तीराम मीना, जिला सचिव अवधेश कुमार, जिला संगठन मंत्री राजेश और जिला मीडिया प्रभारी मोनू परमार सहित अन्य टीचर मौजूद थे। प्रतिनिधिमंडल ने आशा व्यक्त की कि जिला प्रशासन शिक्षकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करेगा।


