डीग नगर परिषद ने बुधवार शाम बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय को सील कर दिया। यह कार्रवाई कार्यालय पर 4 लाख 58 हजार 81 रुपए का यूडी टैक्स बकाया होने के कारण की गई। नगर परिषद आयुक्त कुलदीप सिंह के निर्देश पर यह कदम उठाया गया। नगर परिषद के जेईएन सुनील दत्त चतुर्वेदी, अतिक्रमण अधिकारी राजवीर सिंह और वरिष्ठ प्रारूपकार गौरव जांगिड़ की टीम ने बिजली विभाग कार्यालय पहुंचकर अधिशासी अभियंता के कार्यालय को सील किया। कार्यालय पर ताला लगाकर सील लगा दी गई। वरिष्ठ प्रारूपकार गौरव जांगिड़ ने बताया कि बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय पर यूडी टैक्स बकाया था। नगर परिषद द्वारा इस संबंध में पूर्व में दो नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन उन नोटिसों का कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद ही यह कार्रवाई की गई।


