डीग में ब्रज होली महोत्सव की तैयारियां शुरू:समीक्षा बैठक में 2 दिन के कार्यक्रमों की रूपरेखा जारी

डीग में ब्रज होली महोत्सव-2026 की तैयारियों की समीक्षा बैठक बुधवार को पंचायत समिति सभागार में हुई। बैठक की अध्यक्षता अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजकुमार कस्वां ने की, जिसमें पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक संजय जौहरी विशेष रूप से मौजूद रहे। इस दौरान 2 दिवसीय महोत्सव की विस्तृत समय-सारणी भी जारी की गई। एडीएम कस्वां ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को महोत्सव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने और पर्यटकों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ब्रज की यह गौरवशाली परंपरा पूर्ण गरिमा के साथ संपन्न होनी चाहिए। 26 को शुरू होगा महोत्सव
इस 2 दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ 26 फरवरी को डीग में होगा। इस दिन प्रातः 10 बजे मेला मैदान में रस्सा-कस्सी, कबड्डी, मटका दौड़ सहित अन्य पारंपरिक खेल-कूद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके बाद, दोपहर 12 बजे डीग महल परिसर में मेहंदी, रंगोली, चित्रकला एवं मूंछ प्रतियोगिताएं होंगी। शाम 4 बजे डीग महल के ऐतिहासिक रंगीन फव्वारों का संचालन किया जाएगा, जिसके साथ राजस्थानी लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। डीग में महोत्सव का पहला दिन शाम 7 बजे एक भव्य सांस्कृतिक संध्या के साथ समाप्त होगा। मंदिरों में खेली जाएगी गुलाल, लड्डू और लट्ठमार होली
महोत्सव के दूसरे दिन 27 फरवरी को कामां में धार्मिक एवं पारंपरिक होली के रंग बिखरेंगे। प्रातः 7:15 बजे लाल दरवाजा पर गणेश पूजन के उपरांत, प्रातः 9 बजे से कामां के प्रमुख मंदिरों में गुलाल होली, कुंज गुलाल, दूध-दही, लड्डू होली एवं लठ्ठमार होली का आयोजन परंपरानुसार किया जाएगा। दोपहर 12 बजे गोपीनाथजी मंदिर व राधा वल्लभजी मंदिर से गोकुल चन्द्रमा मंदिर तक लोक कलाकारों की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। सायं 4 बजे राधा वल्लभजी मंदिर में फूलों की होली एवं लठ्ठमार होली विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। शाम 6 बजे विमल कुंड पर महाआरती एवं दीपदान का आयोजन होगा। इसके बाद गोपीनाथजी मंदिर में होरी के रसिया गायन और शाम 7 बजे कोट ऊपर स्टेडियम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ महोत्सव का समापन होगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *