डीग में ‘युवा महोत्सव’ का भव्य आयोजन:कलेक्टर उत्सव कौशल ने युवाओं के जोश को देश की ताकत बताया

डीग में बुधवार को ‘विकसित भारत-विकसित राजस्थान’ थीम पर जिला स्तरीय राजस्थान युवा महोत्सव-2025 का भव्य आयोजन किया गया। राजस्थान युवा बोर्ड, युवा मामले एवं खेल विभाग तथा जिला प्रशासन व शिक्षा विभाग के संयुक्त देखरेख में किशनलाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में यह महोत्सव आयोजित हुआ। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने विशेष रूप से शिरकत की। उन्होंने युवाओं के उत्साह की प्रशंसा करते हुए कहा कि स्कूल परिसर में मौजूद युवाओं की ऊर्जा और जोश देखकर ही उन्हें महोत्सव की भव्यता का एहसास हुआ। कलेक्टर ने युवाओं के जोश को देश की ताकत बताया और कहा कि यही ऊर्जा विकसित भारत और विकसित राजस्थान की नींव रखेगी। इससे पूर्व, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) राजकुमार कस्वां ने माँ शारदे की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर और माल्यार्पण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और उन्हें अपनी कला का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। महोत्सव में राजस्थानी संस्कृति और शास्त्रीय संगीत की अनूठी छटा देखने को मिली। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए प्रतिभागियों ने लोक गीत, समूह गान, शास्त्रीय वादन (हारमोनियम व तबला) और लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुतियां दीं। इन मनमोहक प्रदर्शनों ने दर्शकों और अधिकारियों का मन मोह लिया। ये रहे मौजूद इस गरिमामयी आयोजन में जिला रसद अधिकारी भागूराम महला, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंघल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, शिक्षाविद, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। आभार प्रदर्शन कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी मनोज खुराना ने जिला प्रशासन, अतिथियों, निर्णायक मंडल और सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने सफल मंच संचालन और आयोजन के लिए पूरी टीम को साधुवाद दिया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *