असत्य पर सत्य की जीत का पर्व विजयादशमी दशहरा गुरुवार को डीग में धूमधाम से मनाया गया। डीग रामलीला महोत्सव कमेटी द्वारा शहर के मेला मैदान में 45 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया गया। रावण दहन से पहले कमेटी ने रंग-बिरंगी आतिशबाजी का भव्य प्रदर्शन किया। डीग शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से आए दर्शकों ने इस आतिशबाजी का खूब आनंद लिया। कई लोग अपने मोबाइल फोन में इन पलों को कैद करते दिखे। मेला मैदान में राम-रावण युद्ध लीला का मंचन भी किया गया। लीला के दौरान रावण अपनी माया से कभी अदृश्य हो जाता था तो कभी प्रकट होता था। अंत में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम ने रावण की नाभि में तीर मारा, जिसके बाद रंगीन आतिशबाजी के बीच 45 फुट का रावण का पुतला धू-धू कर जल उठा। इस दौरान पुलिस प्रशासन की ओर से चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। शहर के गली-मोहल्लों में भी रावण के छोटे पुतलों का दहन किया गया। इस अवसर पर लक्ष्मण मंदिर के महंत पंडित मुरारी लाल पाराशर, प्रकाश पाराशर, जितेंद्र पाराशर, डॉ. जितेंद्र सिंह, भाजपा नेता लखपत गुर्जर, रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पंकज सौखिया, इंद्रमोहन शर्मा, गणेश पाराशर, पूरन बंसल, खग्गू शर्मा, पंकज पाराशर, ओमा शर्मा, मोहित पाराशर, बबली शर्मा, मनोज बीडी वाले, रवि बौहरे, नीरज पाराशर, राहुल पाराशर, काव्य पाराशर तन्नू सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।


