डीग में व्यापारी से 6 लाख की ठगी:वॉट्सऐप नंबर हैक कर बदमाशों ने अकाउंट किए खाली

डीग में एक रेडीमेड गारमेंट व्यापारी 6 लाख से ज्यादा रुपयों की साइबर ठगी का शिकार हो गया है। यह मामला सोमवार को तब सामने आया, जब पीड़ित व्यापारी बैंक में पासबुक प्रिंट कराने पहुंचे। व्यापारी ने साइबर थाना डीग में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर के पुराने टेलीफोन एक्सचेंज के पास रहने वाले व्यापारी सुनील कुमार पुत्र दाऊ दयाल गुप्ता के एचडीएफसी बैंक की डीग शाखा में 2 खाते हैं। सोमवार को पासबुक प्रिंट कराने पर पता चला कि उनके एक खाते से 17 जनवरी को 3 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 4 लाख 32 हजार 600 रुपए निकाले गए थे। इसी दिन दूसरे खाते से भी एक ट्रांजैक्शन में 1 लाख 76 हजार रुपए निकाल लिए गए। इस तरह दोनों खातों से कुल 6 लाख 8 हजार 600 रुपए की ठगी हुई।
खाते से इतनी बड़ी राशि निकलने का पता चलते ही व्यापारी सुनील कुमार ने तुरंत साइबर थाना डीग पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित व्यापारी सुनील कुमार ने बताया कि रविवार को उनके एक परिचित ने उनसे पूछा था कि क्या उन्होंने अपनी वॉट्सऐप डीपी बदल ली है। इसके बाद जब उन्होंने अपना वॉट्सऐप खोलने की कोशिश की तो वह नहीं खुला। उन्हें अंदेशा हुआ कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनका मोबाइल नंबर और वॉट्सऐप अकाउंट हैक कर लिया है।
आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान साइबर ठगों ने उनके बैंक खातों से ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर रकम निकाल ली। फिलहाल, साइबर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और बैंक से संबंधित तकनीकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अपने मोबाइल, वॉट्सऐप और बैंक खातों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहें तथा किसी भी संदिग्ध कॉल, मैसेज या लिंक पर क्लिक करने से बचें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *