डीग जिले की नगर पुलिस ने कुख्यात बाइक चोर बिकेश उर्फ मक्खी गुर्जर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को गांव सुन्दरावली में दबिश देकर पकड़ा गया। उसके पास से चोरी की 3 बाइक भी बरामद की गई हैं।
यह कार्रवाई डीग एसपी ओमप्रकाश मीणा के निर्देशन में की गई। पुलिस ने कई दिनों तक रेकी करने के बाद जाल बिछाया और बिकेश को धर दबोचा। नगर थाना अधिकारी लाखन सिंह ने बताया कि बिकेश बचपन से ही अपराध की दुनिया में सक्रिय है। वह चोरी के मामलों में 3 बार बाल न्यायालय जा चुका है।
बिकेश के खिलाफ अलवर के बड़ौदा मेव में अवैध हथियार और एनईबी में चोरी सहित स्थानीय थाने में चोरी के 4 मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि उसकी गैंग में शामिल अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके।


