डीग जिले की पहाड़ी पुलिस ने ‘ऑपरेशन एंटी वायरस’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने खण्डेवला रोड पर दबिश देकर 5 साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। मौके से 5 मोबाइल फोन और 8 फर्जी सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। थाना अधिकारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि ये ठग सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापन डालते थे। वे बच्चों की छोटी कार, बाइक, गाय, भैंस और हथियारों की होम डिलीवरी का झांसा देकर लोगों को ठगी का शिकार बनाते थे।
पुलिस के अनुसार, जब्त किए गए मोबाइल फोन से करीब 6 लाख रुपए की साइबर ठगी के तथ्य सामने आए हैं। पुलिस पकड़े गए सभी ठगों से गहन पूछताछ कर रही है, जिससे इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।


