डीग में हेलीकॉप्टर से हुई दुल्हन की विदाई:वैर निवासी कुलदीप ने क्षमा से विवाह के बाद कराया अनूठा आयोजन, उमड़े लोग

भरतपुर जिले के वैर निवासी कुलदीप पुरोहित ने शुक्रवार को डीग में ओम प्रकाश शर्मा की पुत्री क्षमा से विवाह किया। विवाह के उपरांत दुल्हन की विदाई हेलिकॉप्टर से कराई गई, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय रही। कुलदीप और क्षमा दोनों सरकारी स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। कुलदीप स्वर्गीय सुरेश चंद्र पुरोहित और लक्ष्मी देवी के बेटे हैं, जबकि क्षमा ओम प्रकाश शर्मा और मीना शर्मा की बेटी हैं। विवाह समारोह पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न हुआ। हेलिकॉप्टर से विदाई के लिए डीग में हेलीपैड तैयार किया गया था। जैसे ही हेलिकॉप्टर उतरा, सैकड़ों की संख्या में लोग इस अनोखे नजारे को देखने के लिए उमड़ पड़े। लोगों ने अपने मोबाइल कैमरों में इस पल को कैद किया, और यह घटना सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा में रही। सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। हेलीपैड पर एम्बुलेंस की व्यवस्था के साथ डॉक्टर और कंपाउंडर की टीम मौजूद थी। इसके अतिरिक्त, फायर ब्रिगेड की गाड़ी और पुलिस बल भी तैनात किया गया था, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके। स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में हेलिकॉप्टर से दुल्हन की विदाई का यह पहला मामला था। मौजूद लोगों ने नवदंपती को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद भविष्य की कामना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *