डीजल घोटाले पर धमतरी में कांग्रेस का प्रदर्शन:बैरिकेड तोड़कर निगम पहुंचे कार्यकर्ता, महिला पार्षद ने महापौर के लिए निकाला कंगन

छत्तीसगढ़ के धमतरी में नगर निगम के कथित डीजल घोटाले को लेकर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के बैनर तले आयोजित रैली मकई गार्डन से शुरू हुई। रैली सदर बाजार और इतवारी बाजार होते हुए निगम कार्यालय तक पहुंची। पुलिस ने बैरिकेड लगाकर कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया। लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए बैरिकेड को गिरा दिया। वे सीधे निगम कार्यालय के गेट तक पहुंच गए। प्रदर्शनकारियों ने निगम प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। आधे घंटे के प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निगम आयुक्त प्रिया गोयल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि भाजपा के नेतृत्व वाली नगर निगम में भ्रष्टाचार चल रहा है। जनता को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। प्रदर्शन के दौरान एक महिला पार्षद ने अपने हाथ का कंगन निकालकर मीडिया को दिखाया। उन्होंने कहा कि महापौर निगम को नहीं संभाल पा रहे हैं। कांग्रेस भ्रष्टाचार के खिलाफ सत्याग्रह करेगी। प्रदर्शनकारियों ने ट्राले पर पल्सर बाइक रखकर अपना विरोध जताया। डीजल घोटाले में जल्द कार्रवाई की मांग कांग्रेस नेताओं ने अपने ज्ञापन में मांग की कि नगर निगम में हुए डीजल घोटाले के आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत लाभार्थियों को जल्द से जल्द किश्त की राशि जारी की जाए। अर्जुनी गोठान से गायों की हुई चोरी की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया को आसान किया जाए और नयापारा वार्ड में अधूरे सामुदायिक भवन का निर्माण जल्द पूरा किया जाए। साथ ही, पेंशन देने की प्रक्रिया को भी सरल बनाया जाए। कांग्रेसियों ने चेतावनी दी कि अगर मांगे पूरी नहीं हुईं, तो वे आंदोलन करेंगे। इस पर नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल ने बताया कि डीजल घोटाले की जांच के लिए अधिकारी नियुक्त कर दिए गए हैं और 15 दिनों में जांच पूरी कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *