नवा रायपुर में 28 से 30 नवंबर तक होने वाले डीजी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने रायपुर आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने प्रवास के दौरान नवा रायपुर स्थित विधानसभा अध्यक्ष के एम-1 बंगले में ठहरेंगे। पीएम के आगमन से लगभग 24 घंटे पहले ही बंगले के चारों ओर करीब एक किलोमीटर के दायरे को बैरिकेड लगाकर नो-एंट्री जोन घोषित कर दिया गया है। यहां केवल स्थानीय ग्रामीणों और परिचय पत्र दिखाने वालों को ही आने-जाने की अनुमति दी जा रही है। बंगले के सामने की सड़क पूरी तरह बंद कर दी गई है। गुरुवार से बंगले में केवल कैंप कमांडर को ही प्रवेश मिलेगा। पूरे नवा रायपुर में हर एक से डेढ़ किलोमीटर पर पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई है। बुधवार शाम करीब 4.30 बजे एयरपोर्ट से एम-1 बंगले तक पीएम मोदी के काफिले की रिहर्सल की गई। इस दौरान भी पूरा रूट बंद रखा गया। इसी बीच नवा रायपुर की सड़कों, गार्डन और दुकानों में बम निरोधक दस्ते और स्निफर डॉग्स ने जांच की। बंगले के आसपास एनडीआरएफ के दस्ते को भी बुधवार शाम से ही तैनात कर दिया गया है। रास्तों पर बैरिकेड लगाए गए हैं, हालांकि कुछ जगह स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए छोड़ी गई है। बाहरी वाहनों का प्रवेश दोपहर बाद से ही बंद है। अफसरों को भी थ्री-लेयर सुरक्षा जांच से गुजरना होगा आईबी ने कॉन्फ्रेंस के लिए 6 लेवल के पास जारी किए हैं। पुलिस अधिकारियों को थ्री-लेयर सुरक्षा जांच से गुजरना अनिवार्य होगा। कैटरिंग स्टाफ, इलेक्ट्रिशियन, प्लंबर, एनडीआरएफ कर्मियों और अन्य कर्मचारियों के लिए अलग-अलग स्तर के पास जारी हुए हैं, जिन्हें छह लेयर की सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा। पूरे कार्यक्रम की सुरक्षा की कमान एडीजी दीपांशु काबरा के हाथों में है, जो गुरुवार को रिहर्सल के दौरान भी मौजूद रहे। अतिथि पुलिस अफसरों के लिए लाइजनिंग अफसर तैनात राज्यभर से डीजी कॉन्फ्रेंस में शामिल होने पहुंचे पुलिस अधिकारियों को राजधानी घुमाने के लिए प्रशिक्षु सब-इंस्पेक्टरों को लाइजनिंग अफसर नियुक्त किया गया है। हर अधिकारी के लिए एक वाहन आरक्षित रखा गया है, जिसके साथ लाइजनिंग अफसर पूरे दिन उन्हें शहर के विभिन्न इलाकों में ले जा रहे हैं, खासकर उन स्थानों पर जो छत्तीसगढ़ की संस्कृति और वैभव को दर्शाते हैं। इन रास्तों पर एंट्री पूरी तरह बैन बढ़ी सुरक्षा: आने-जाने वालों से हो रही पूछताछ गृहमंत्री अमित शाह के ठहरने के लिए एम-11 बंगले को तैयार किया गया है। वहीं राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल न्यू सर्किट हाउस में रुकेंगे। इन दोनों स्थानों के आसपास भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है और गुजरने वाले हर व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। 400 से ज्यादा प्राइवेट गाड़ियों की बुकिंग अधिकारियों का भी रायपुर पहुंचना शुरू हो चुका है। इनके लिए 400 के ज्यादा प्राइवेट गाड़ियां बुक की गई हैं। गाड़ी कम पड़ने पर बड़ी संख्या में महाराष्ट्र पासिंग टैक्सी बुलाई गई है। वहीं प्रोटोकॉल के तहत 2 दिन तक होने वाली रिहर्सल भी गुरुवार को पूरी कर ली गई है।


