डीजी होमगार्ड मालिनी अग्रवाल का जैसलमेर दौरा::स्वयंसेवकों से सीधी बात, जवानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार का आश्वासन

डीजी होमगार्ड मालिनी अग्रवाल ने सोमवार को सीमांत जिले जैसलमेर का एक महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक दौरा किया। उनके आगमन पर, सीमा गृह रक्षा दल परेड ग्राउंड में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कमांडेंट दौलत सिंह ने बुके भेंट कर उनका अभिनंदन किया और परिसर में पदस्थापित सभी अधिकारियों से उनका परिचय करवाया। डीजी अग्रवाल ने अपने दौरे की शुरुआत संपूर्ण सीमा गृह रक्षा दल के कैंपस के सघन निरीक्षण के साथ की। उन्होंने परिसर में स्थित मां जगदंबा मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की और प्रदेश और देश में शांति और अमन-चैन की कामना की। इस दौरान उन्होंने स्वयंसेवकों से सीधी बात की और जवानों की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन भी दिया। स्वयंसेवकों से सीधा संवाद और समस्याओं पर सुनवाई निरीक्षण के बाद, डीजी अग्रवाल परेड ग्राउंड पहुंचीं, जहां उन्होंने बड़ी संख्या में उपस्थित होमगार्ड स्वयंसेवकों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्होंने स्वयंसेवकों की मैस सुविधा, ट्रेनिंग व्यवस्था और ड्यूटी डिप्लॉयमेंट संबंधी विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने जवानों की व्यक्तिगत और सामूहिक समस्याओं को सुना और उनके उचित समाधान का आश्वासन दिया। निरीक्षण के दौरान कंपनी कमांडर हमीर सिंह, कंपनी कमांडर शिव सिंह, और प्लाटून कमांडर लख सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उनके साथ मौजूद रहे। उन्होंने कार्यालय भवन का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को दक्षता बढ़ाने तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। TA बहाली पर सरकार कर रही विचार डीजी मालिनी अग्रवाल ने कहा कि होमगार्ड का कार्यभार संभालने के बाद उनका यह जैसलमेर दौरा विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। उन्होंने दोहराया कि विभाग स्वयंसेवकों की भलाई, बेहतर ड्यूटी डिप्लॉयमेंट और उनकी सुविधाओं में सुधार के लिए लगातार सक्रिय और प्रयासरत है। होमगार्ड स्वयंसेवकों के लिए एक बड़ी चिंता का विषय रहे बंद पड़े टी.ए. (Travel Allowance) को लेकर उन्होंने एक सकारात्मक संकेत दिया। डीजी अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार इस मुद्दे पर गंभीरता से विचार-विमर्श कर रही है तथा जवानों के हित में सकारात्मक निर्णय लेने की दिशा में प्रयास जारी हैं। उन्होंने पुलिस विभाग के साथ होमगार्ड के संयुक्त डिप्लॉयमेंट की सराहना की और कहा कि होमगार्ड के स्वयंसेवक अपनी ड्यूटी पूरी लगन और समर्पण के साथ कर रहे हैं और उत्कृष्ट कार्य से विभाग का मान बढ़ा रहे हैं। डीजी के इस दौरे से सीमा गृह रक्षा दल के जवानों में नया उत्साह और मनोबल देखा गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *