डीडवाना-कुचामन पुलिस ने किया मददगारों का सम्मान:सड़क हादसे में घायल को अस्पताल पहुंचाने पर सराहा

डीडवाना-कुचामन पुलिस ने सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को त्वरित अस्पताल पहुंचाकर मानवता का परिचय देने वाले दो ग्रामीणों को सम्मानित किया। यह सम्मान कार्यक्रम सड़क हादसों में घायलों की मदद के लिए आमजन को प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। पुलिस अधीक्षक ऋचा तोमर (आईपीएस) के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हिनांशु शर्मा (आरपीएस) व लाडनूं वृताधिकारी जितेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में यह सम्मान समारोह हुआ। निम्बी जोधा थानाधिकारी सिद्धार्थ प्रजापत ने गंगाराम पुत्र बालाराम (56) और चेनाराम पुत्र धनाराम (40), दोनों निवासी मालगांव, को सार्वजनिक रूप से साफा व माला पहनाकर सम्मानित किया।
यह घटना 2 फरवरी 2026 की शाम करीब 7-8 बजे हुई थी। मालगांव निवासी रामेश्वरलाल (56) अपनी बाइक से खेत से घर लौट रहे थे। रास्ते में अचानक नीलगाय आ जाने से उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके से गुजर रहे गंगाराम व चेनाराम ने बिना देर किए घायल रामेश्वरलाल को अपनी बोलेरो कैम्पर से राजकीय अस्पताल लाडनूं पहुंचाया। उनकी त्वरित कार्रवाई से रामेश्वरलाल को समय पर प्राथमिक इलाज मिल सका। सम्मान कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने मौजूद ग्रामीणों से अपील की कि वे सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की तुरंत मदद करें, उसे अस्पताल पहुंचाएं और पुलिस व 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचित करें। पुलिस ने कहा कि ऐसे मददगार समाज के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और समय पर मिली सहायता से किसी की जान बचाई जा सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *