डीडवाना-कुचामन पुलिस ने जान से मारने के प्रयास के एक मामले में 2 साल से फरार चल रहे आरोपी कंवरपाल सिंह को जयपुर से गिरफ्तार किया है। इस मामले में पहले ही 6 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा चुका है।
खुनखुना थानाधिकारी पुलिस निरीक्षक मनसीराम के नेतृत्व में गठित टीम ने लगातार प्रयासों के बाद आरोपी को पकड़ने में सफलता पाई। पुलिस के अनुसार यह मामला 2 नवंबर 2023 को प्रार्थी दौलत सिंह निवासी आजडोली ने खुनखुना थाने में दर्ज कराया था। रिपोर्ट में बताया गया था कि 1 नवंबर 2023 को जगदीश सिंह, विक्रम सिंह और सुखवीर सिंह ने उनके घर में घुसकर मारपीट की थी।
इसके बाद जब दौलत सिंह इलाज के लिए तोषीणा अस्पताल जा रहे थे, तब कंवरपाल सिंह सहित अन्य आरोपियों ने कैम्पर, एक्सयूवी और बोलेरो गाड़ियों में सवार होकर एकराय होकर उनकी गाड़ी को जान से मारने की नीयत से टक्कर मार दी, जिससे गाड़ी पलट गई। पीड़ित के अनुसार, गाड़ी से बाहर निकलने पर आरोपियों ने तलवार और लोहे की पाइपों से हमला किया। शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, जिससे पीड़ित की जान बच सकी। इस संबंध में मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया गया था।
जांच के दौरान आरोपियों की तलाश के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपी कंवरपाल सिंह को जयपुर से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कंवरपाल सिंह (28) पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी आजडोली, थाना खुनखुना, जिला डीडवाना-कुचामन के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी मनसीराम, सउनि बजरंग सिंह, कॉन्स्टेबल प्रकाश, छीतरमल और राधेश्याम सहित पूरी टीम का सामूहिक व सराहनीय योगदान रहा।


