डीडवाना-कुचामन पुलिस ने लाडनूं सर्किल में चलाए गए 2 दिवसीय विशेष एरिया डोमिनेशन अभियान के दौरान 27 आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस अभियान में 5 स्थायी/गिरफ्तारी वारंटों का भी निस्तारण किया गया।
लाडनूं सर्किल के लाडनूं, जसवंतगढ़ और निम्बी जोधा थानों में यह कार्रवाई हुई। अभियान के लिए कुल 7 टीमों का गठन किया गया था, जिनमें 30 से अधिक पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर दबिश दी और धारा 170 बीएनएसएस के तहत 27 बदमाशों को गिरफ्तार किया। इसके अतिरिक्त, स्थानीय और विशेष अधिनियमों के तहत 4 नए प्रकरण भी दर्ज किए गए।
दर्ज किए गए प्रकरणों में आबकारी अधिनियम के तहत 2 मामले (लाडनूं और जसवंतगढ़ में एक-एक) शामिल हैं। जुआ अधिनियम के तहत एक प्रकरण दर्ज कर 1900 रुपए जब्त किए गए। आरएनसी अधिनियम के तहत भी एक मामला दर्ज किया गया। अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत 4 वाहनों को जब्त किया गया। पुलिस थाना लाडनूं में 60 पुलिस एक्ट के तहत 20 व्यक्तियों को पाबंद किया गया और 20 हिस्ट्रीशीटरों (एचएस) की जांच की गई।


