डीडवाना-कुचामन जिले से अनुसूचित जाति के 30 किसानों का एक दल शनिवार को पुणे के लिए रवाना हुआ। यह दल राष्ट्रीय प्याज एवं लहसुन अनुसंधान केंद्र में सात दिवसीय अंतर-राज्यीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग लेगा। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य किसानों की उत्पादन क्षमता और आय में वृद्धि करना है। जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के माध्यम से किसान प्याज की उन्नत तकनीकी जानकारी प्राप्त करेंगे, जिससे उत्पादन क्षमता बढ़ेगी, लागत कम होगी और उनकी आय में निश्चित तौर पर बढ़ोतरी होगी। उद्यानिकी विभाग के उपनिदेशक हरिओम सिंह राणा ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में किसानों को “एक जिला, एक उपज” योजना के तहत पंच गौरव फसल प्याज की वैज्ञानिक तकनीक सिखाई जाएगी। यह कार्यक्रम आत्मा योजना के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण से लौटने के बाद, ये किसान जिले में उन्नत कृषि तकनीक का प्रसार करेंगे, जिससे अन्य किसानों को भी लाभ मिलेगा और कृषि क्षेत्र में सुधार आएगा।


