डीडवाना थानाधिकारी ने दिव्यांग युवक को कंधे पर बिठाया:थाने का​ विजिट कराकर पेश की मानवता की मिसाल

डीडवाना में पुलिस के मानवीय चेहरे का एक उदाहरण सामने आया है। यहां थाना अधिकारी राजेंद्र सिंह कमांडो ने एक दिव्यांग युवक को अपने कंधों पर बिठाकर थाने का विजिट कराया। उन्होंने युवक की थाने को अंदर से देखने की इच्छा पूरी की और कार्यप्रणाली की जानकारी दी। जानकारी के अनुसार, थाना अधिकारी राजेंद्र सिंह कमांडो क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उनकी मुलाकात बालिया गांव निवासी 30 वर्षीय नदीम से हुई। जन्म से ही दोनों हाथ-पैर न होने के बावजूद नदीम में सकारात्मकता और जिज्ञासा है। बातचीत में नदीम ने बताया कि उसने कभी पुलिस थाना अंदर से नहीं देखा है और वह थाने का भ्रमण करना चाहता है। थाने की कार्यप्रणाली समझाई
नदीम की इच्छा सुनकर थाना अधिकारी ने उसे ससम्मान थाने आने का निमंत्रण दिया। थाने पहुंचने पर राजेंद्र सिंह कमांडो ने नदीम को अपने कंधों पर बिठाया। उन्होंने उसे पूरे थाने का भ्रमण कराया और थाने की कार्यप्रणाली समझाई। सम्मान के प्रतीक के तौर पर उन्होंने अपनी पुलिस टोपी भी नदीम के सिर पर रखी। इंसानियत को हमेशा जिंदा रखने पर जोर दिया
इस अवसर पर थाना अधिकारी ने समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि नदीम जैसे लोग शारीरिक सीमाओं के बावजूद हौसले और सकारात्मकता से जीवन जी रहे हैं। वहीं, कई सक्षम युवा नशे और अपराध का रास्ता चुन लेते हैं। उन्होंने नदीम के जज्बे से सीख लेने की बात कही और इंसानियत को हमेशा जिंदा रखने पर जोर दिया। लोगों ने थानाधिकारी की पहल को सराहा
थाना अधिकारी और दिव्यांग युवक की इस आत्मीयता का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर हो रहा है। लोग इस मानवीय पहल की सराहना कर रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पुलिस का ऐसा मानवीय चेहरा समाज में सुरक्षा के साथ-साथ विश्वास और संवेदनशीलता को भी मजबूत करता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *