डीडवाना में राजस्थान बास्केटबॉल संघ अपने 75वें स्थापना दिवस को ऐतिहासिक स्वरूप देने जा रहा है। इस अवसर पर हिरक जयंती राज्य स्तरीय सीनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता (महिला व पुरुष वर्ग) का आयोजन 9 से 12 अक्टूबर तक डीडवाना में होगा। यह आयोजन कई मायनों में खास रहेगा, क्योंकि डीडवाना ने पहले भी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की 25वीं रजत जयंती (1974) और 50वीं स्वर्ण जयंती (1999) की मेजबानी की थी। अब 75वीं हिरक जयंती प्रतियोगिता एक बार फिर इसी ऐतिहासिक मैदान पर आयोजित की जाएगी। नागौर जिला बास्केटबॉल संघ के प्रवक्ता अबरार अली बेरी ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर एनडीबीए श्रीकांत क्लब की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें आयोजन से जुड़ी सभी समितियों (आवास, भोजन, परिवहन, आयोजन स्थल व्यवस्था तथा अतिथि सम्मान समिति) को विस्तृत जिम्मेदारियां सौंपी गईं। उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह से पहले एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। यह रैली 9 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे अग्रसेन भवन, अजमेरी गेट से रवाना होकर राजकीय महाविद्यालय खेल मैदान पहुँचेगी, जहां प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ होगा। राजस्थान बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष एडवोकेट अजीत सिंह राठौड़ ने बैठक में कहा- यह आयोजन मेरी जिंदगी का वह ख्वाब है जिसे मैंने हमेशा देखा है। मुझे इस मैदान पर बास्केटबॉल खेलते हुए पचास साल हो गए हैं, और मैं चाहता हूँ कि यह तारीख इतिहास में अमर हो जाए। आप सभी मेरी ताकत हैं — मैं अकेला कुछ नहीं हूं। बैठक में श्रीकांत क्लब अध्यक्ष नरपत सिंह राठौड़, महावीर ओझा, रमाकांत सारस्वत, आयोजन समिति अध्यक्ष जे.पी. पसारी, तारेश कुमार शर्मा, सैय्यद नईमुद्दीन, डॉ. गणेश सैनी, रघुनाथ सिंह, गुमान सिंह, जीवराज सिंह, मोहम्मद नईम, विवेक रंजन सिंह, अनंत शर्मा, अशोक सारस्वत, सुरेश कुमार, गोविंद गुर्जर, के.पी. सिंह, मान सिंह, नवीन सोनी, कृष्ण मोहन शास्त्री, वरुण गॉड, मुतलिब कोटवाल, बजरंग पंवार सहित बड़ी संख्या में बास्केटबॉल प्रेमी उपस्थित रहे।


