डीडवाना में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान:जिलाध्यक्ष पद के लिए रायशुमारी शुरू, पर्यवेक्षकों ने कार्यकर्ताओं से की बात

डीडवाना में रविवार को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में संगठनात्मक पुनर्गठन पर गहन विचार-विमर्श हुआ। प्रदेश कांग्रेस की पर्यवेक्षक टीम, जिसमें राज्यसभा सांसद डॉ. अमी याज्ञनिक, डॉ. जाहिदा शबनम और सुशील पारीक शामिल थे, डीडवाना पहुंची और पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से संवाद किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष पद के लिए रायशुमारी प्रक्रिया भी शुरू की गई। बैठक में जिलेभर से आए कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों के लिए रणनीतिक सुझाव प्रस्तुत किए। पर्यवेक्षक दल ने कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत और सामूहिक रूप से राय ली और जिलाध्यक्ष पद हेतु तीन-तीन नामों के पैनल तैयार करने की प्रक्रिया आरंभ की। ये पैनल बाद में पीसीसी अध्यक्ष और प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा को भेजे जाएंगे, जिसके उपरांत एआईसीसी की बैठक में जिलाध्यक्ष का अंतिम चयन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मकराना विधायक जाकिर गैसावत, लाडनूं विधायक मुकेश भाकर, परबतसर विधायक रामनिवास गावड़िया, डीडवाना के पूर्व विधायक चेतन डूडी, नावां के पूर्व विधायक व पूर्व उप मुख्य सचेतक महेंद्र चौधरी, महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका चौधरी और पीसीसी पर्यवेक्षक सुशील पारीक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, महिला कांग्रेस प्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। डॉ. अमी याज्ञनिक ने इस अवसर पर कहा कि “कांग्रेस संगठन ही पार्टी की आत्मा है। कार्यकर्ताओं की राय से तैयार नेतृत्व ही जनता के बीच प्रभावी रूप से कार्य करेगा।” बैठक में संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने और जनसंपर्क अभियान को गति देने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *