डीडवाना नगर परिषद् में आयोजित ‘शहरी सेवा शिविर-2025’ का शुक्रवार को जिला प्रभारी अधिकारी लेखराज जाग्रत ने निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। यह शिविर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक नगर परिषद् परिसर में वार्डवार आयोजित किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान, प्रभारी अधिकारी ने परिषद् की स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, भूमि, राजस्व, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण शाखाओं के साथ-साथ पीएम/सीएम स्वनिधि योजना और प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने लंबित कार्यों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर लाभार्थियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के चेक, कृषि भूमि नियमन के पट्टे, इजाजत तामिर अनुज्ञा-पत्र और विवाह पंजीकरण प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। स्वच्छता सेवा पखवाड़े के अंतर्गत चल रही गतिविधियों की भी जानकारी ली गई और दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। प्रभारी अधिकारी ने समाज कल्याण, विद्युत, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी, आयोजना, रसद, महिला एवं बाल विकास तथा सार्वजनिक निर्माण विभागों की फ्लैगशिप योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने आमजन के कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया। शिविर के दौरान नगर परिषद् आयुक्त भगवान सिंह, सहायक अभियंता दलीप सिंह निरबाण, कनिष्ठ अभियंता पन्ना राम गुर्जर व दिलीप कुमार, वरिष्ठ प्रारूपकार दामोदर जांगिड सहित परिषद् एवं अन्य विभागों के कार्मिक मौजूद रहे।


