डीडवाना जिले में ग्रामीण समस्या समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। ये शिविर राज्य सरकार के 2 साल का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर ‘नव उत्थान-नई पहचान, बढ़ता राजस्थान-हमारा राजस्थान’ कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत आयोजित हो रहे हैं। जिला कलेक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने बताया कि राज्य सरकार के निर्देशानुसार, आमजन से जुड़े विभिन्न राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से इन शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। ये शिविर जिले के सभी भू-अभिलेख निरीक्षक वृत्तों में 16 दिसंबर से 25 दिसंबर तक चलेंगे। इसी क्रम में मौलासर, कुचामन सिटी तहसील के नगवाड़ा, लाडनूं के सारडी, नावां, मकराना के गच्छीपुरा तथा परबतसर के रोहिण्डी में ग्रामीण समस्या समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे।
इन शिविरों में ग्रामीणों की राजस्व, नामांतरण, सीमांकन और रिकॉर्ड शुद्धिकरण सहित अन्य जनसमस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है। इससे आमजन को त्वरित राहत मिल रही है और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो रहा है।


