डीडवाना जिला मुख्यालय से गुजरने वाले किशनगढ़-हनुमानगढ़ मेगा हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ। कलवाणी चौराहे के पास हाईवे पर खड़े एक ट्रेलर में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक चालक और खलासी केबिन में फंस गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। ट्रक में सवार तीसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान हरियाणा निवासी सरजीत सिंह और बिहार निवासी रमाकांत यादव के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल दिलप्रीत सिंह को तत्काल राजकीय बांगड़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार चल रहा है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। हादसे के समय ट्रक में पशु लदे हुए थे। टक्कर के कारण ट्रक में ले जाई जा रही आठ गायों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन गाय गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलने पर डीडवाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी पहुंचाया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर हाईवे पर यातायात बहाल किया गया। पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


