भास्कर न्यूज | फरीदकोट डीसी पूनमदीप कौर ने बाबा शेख फरीद आगमन पर्व 2025 की तैयारियों की समीक्षा को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण, बाबा फरीद आगमन पर्व के अवसर पर 19 से 23 सितंबर तक केवल धार्मिक कार्यक्रम ही आयोजित किए जाएंगे। बाबा फरीद आगमन पर्व के दौरान हजारों श्रद्धालु फरीदकोट आते हैं, जिसके कारण यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए तलवंडी रोड पुल अस्थाई रूप से खोला गया है, जिससे आने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा होगी। इस बार मेले के दौरान कल से 23 सितंबर तक सभी दिन लंगर की व्यवस्था की जाएगी। श्रद्धालुओं की भीड़ को ध्यान में रखते हुए शहर में विभिन्न स्थानों पर लंगर की व्यवस्था की जाएगी और लंगर की व्यवस्था के बाद वहां साफ-सफाई का ध्यान रखा जाए। एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने कहा कि पुलिस ने जिला प्रशासन के सहयोग से बाबा फरीद आगमन पर्व के लिए सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। उन्होंने जिला निवासियों से सुरक्षा और यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए सहयोग करने की अपील की। इस अवसर पर एडीसी नवजोत कौर, एसडीएम मेजर वरुण कुमार, एसडीएम जैतो सूरज, एसपी मनिंदरबीर सिंह, डीएसपी तिरलोचन सिंह, डीईओ नीलम रानी, सचिव रेडक्रॉस मनदीप मोगा सहित अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।


