डूंगरपुर जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट के आईटी केंद्र में जिला स्तरीय जनसुनवाई की। जनसुनवाई में आए लोगों को कलेक्टर ने तसल्ली से सुना और विभागीय अधिकारियों को जल्द समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट स्थित आईटी केंद्र में आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में एडीएम दिनेशचन्द्र धाकड़, डीएफओ रंगास्वामी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। जिला स्तरीय जनसुनवाई में परिवादी अपनी-अपनी समस्या लेकर पहुंचे और कलेक्टर को अपनी समस्या बताते हुए उनके समाधान की मांग की। जनसुनवाई में कुल 36 परिवेदनाएं प्राप्त हुई। जिला कलेक्टर ने प्रत्येक परिवादी से तसल्ली से परिवेदना सुनते हुए विभागीय अधिकारियों को अगली जनसुनवाई से पहले निस्तारण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में तीजवड निवासी अनीता के पीएम सम्मान निधि में राशि दिलवाने की परिवेदना पर कलेक्टर ने मौके पर ही तहसीलदार डूंगरपुर को जांच करने के निर्देश दिए। जिस पर संबंधित का खाता इनएक्टिव होने से राशि खाते में नहीं आने की जानकारी मिली। मौके पर ही तकनीकी समस्या का समाधान करते हुए खाते को एक्टिव कर परिवादी को राहत दी गई।


