डूंगरपुर जिले की बिछीवाड़ा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत सेरावाड़ा में जिला कलेक्टर अंकित कुमार सिंह ने गुरुवार को रात्रि चौपाल का आयोजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके समाधान के निर्देश दिए। ग्रामीणों को विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई। चौपाल में सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर सिंह ने प्रत्येक परिवादी की शिकायत को ध्यानपूर्वक सुना। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में लाइब्रेरी, सीसी सड़क, खेल मैदान, डामरीकरण सड़क और समय पर विद्युत आपूर्ति जैसी कई मांगें प्रस्तुत कीं। इन मांगों पर कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से तथ्यात्मक जानकारी ली और निर्धारित समय-सीमा में समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। अपने संबोधन में कलेक्टर ने चौपाल का उद्देश्य स्पष्ट करते हुए जिला स्तर की समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने राज्य सरकार से संबंधित मुद्दों को भी उच्च स्तर तक पहुंचाने की बात कही। इस अवसर पर जिला स्तरीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं के बारे में ग्रामीणों को विस्तार से बताया। उन्होंने पात्र लोगों को आवेदन प्रक्रिया समझाते हुए योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। चौपाल के दौरान कलेक्टर ने गांव के प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया।


