डूंगरपुर में काकरादरा में मिला युवक का शव:पत्नी ने जमीनी विवाद को लेकर हत्या का आरोप लगाया

डूंगरपुर जिले के धंबोला थाना क्षेत्र के काकरादरा गांव में रविवार शाम एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। परिजनों ने जमीनी विवाद के चलते युवक की हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। धंबोला थाना पुलिस को दी गई रिपोर्ट में मृतक रामचंद्र डामोर की पत्नी मगु ने बताया कि रविवार दोपहर उनके पति घर से निकले थे। कुछ देर बाद गांव में होनी के घर की तरफ शोर सुनाई दिया। मगु अपनी जेठानी लीला, देवरानी राधा और अरविंद के साथ वहां पहुंचीं, तो होनी के घर पर ताले लगे थे। घर से करीब 100 मीटर दूर रामचंद्र का शव पड़ा मिला। जमीनी विवाद में 1 दिसंबर 2025 को हुआ था समझौता
परिजनों का आरोप है कि कालु, रेखा और होनी सहित कुछ अन्य लोग मौके से जाते हुए दिखाई दिए। पूछने पर उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया और फरार हो गए। मगु ने यह भी बताया कि जब रामचंद्र घर से निकले थे, तब उनके पास चादर और कुल्हाड़ी नहीं थी, और वे चप्पल पहनकर गए थे, जो शव के पास नहीं मिलीं।
मृतक की पत्नी ने जमीनी विवाद को हत्या का कारण बताया है। उन्होंने जानकारी दी कि इसी जमीनी विवाद को लेकर 1 दिसंबर 2025 को गांव में एक समझौता भी हुआ था। FSL टीम को मौके पर बुलाया
सूचना मिलने पर देर शाम धंबोला थाना अधिकारी सीआई देवेंद्र देवल मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सीमलवाड़ा मोर्चरी में रखवाया।
सोमवार को परिजनों ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर FSL टीम को बुलाया और साक्ष्य संकलन की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है। मृतक के भतीजे कांतिलाल डामोर ने भी इस संबंध में बयान दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *