डूंगरपुर में मकर संक्रांति के अवसर पर चाइनीज मांझे का उपयोग एक बच्चे के लिए खतरनाक साबित हुआ। जिले के माथुगामड़ा खास गांव में पतंग उड़ाते समय बिजली के तारों के संपर्क में आने से एक बच्चे को जोरदार करंट लगा। घायल बच्चे को डूंगरपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार यह घटना माथुगामड़ा खास गांव की है। यहां रहने वाले शंकर कटरा के बेटे शौर्य मकर संक्रांति के दिन अपने घर की छत पर पतंग उड़ा रहा था। बताया जा रहा है कि वह पतंग उड़ाने के लिए प्रतिबंधित चाइनीज डोर का इस्तेमाल कर रहा था। हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
पतंग उड़ाते समय अचानक यह डोर घर के पास से गुजर रही बिजली की लाइन में फंस गई। चाइनीज मांझे में अक्सर मैटेलिक कोटिंग (धातु का बुरादा) होती है, जिसके कारण तार के संपर्क में आते ही डोर में करंट दौड़ गया। डोर पकड़े हुए शौर्य को बिजली का जोरदार झटका लगा और करंट उसके शरीर में फैल गया। हादसे के बाद छत पर अफरा-तफरी मच गई। बच्चे की हालत देखकर परिजन तुरंत छत पर पहुंचे और आनन-फानन में घायल शौर्य को डूंगरपुर जिला अस्पताल ले गए, जहां उसे भर्ती कर लिया गया है।


