डूंगरपुर जिले के खापरड़ा गांव में एक युवक ने अपने पुराने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाने के एएसआई हरिसिंह ने बताया कि खापरड़ा निवासी गटूलाल कटारा ने पुलिस को सूचना दी। रिपोर्ट के अनुसार उनका बेटा प्रकाश (20) रात को खाना खाने के बाद पुराने घर में सोने गया था। अगले दिन सुबह प्रकाश की दादी पुराने घर गईं तो उन्होंने देखा कि प्रकाश का शव केलुपोश घर की बल्ली से फंदे पर लटका हुआ था। उनकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से प्रकाश के शव को फंदे से नीचे उतारा और उसे डूंगरपुर जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रकाश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मॉर्च्युरी में रखवाया और पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया। फिलहाल, पुलिस ने आत्महत्या का मामला दर्ज कर लिया है और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।


