डूंगरपुर शहर में 9 साल से अपने सपनों के घर का इन्तजार कर रहे लोगों के लिए ये दिवाली, खुशियों की सौगात लेकर आने वाली है। शहर के वसुंधरा कॉलोनी के पास नगर परिषद में मुख्यमंत्री जन आवास योजना का काम लगभग पूरा हो चुका है और 20 अक्टूबर को राज्य सरकार के आदेश पर नगर परिषद 360 परिवारों को अपने सपनों के आवास की चाबी देकर गृह प्रवेश कराएगी। डूंगरपुर नगरपरिषद की ओर से मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत 9 साल पहले जरूरतमंद और आवास विहीन परिवारों को 360 फ्लैट बनाकर देने का काम शुरू हुआ था। घर मिलने का सपना देखते हुए लोगों ने दिलचस्पी दिखाई और आवेदन किए। लॉटरी के माध्यम से परिवारों को फ्लैटों का आवंटन हुआ। आवंटी परिवारों ने बैंक से लोन या ब्याज पर पैसे लाकर अपने घर के लिए किश्तें चुकाई, लेकिन इसके लिए उन्हें 9 साल तक इन्तजार करना पड़ा। अब इन आवास विहीन लोगों के घर का सपना साकार होने जा रहा है। इस योजना में दो तरह के फ्लेट थे, जिसमे 88 एलआईजी और 272 ईडब्ल्यूएस के फ्लेट थे। इसमें ईडब्ल्यूएस (गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन) के फ्लेट की कीमत 3 लाख 90 हजार और एलआईजी के लिए 6 लाख रुपए कीमत थी। इसमें एलआईजी के लिए डेढ़ लाख रुपए की सब्सिडी भी थी। वर्ष 2017 में वसुंधरा विहार में 360 फ्लैट की लॉटरी निकाली थी।


