डूंगरपुर नगर परिषद ने शहर के 40 वार्डों में कचरा संग्रहण के लिए 8 नए सीएनजी और पेट्रोल वाहनों को शामिल किया है। गुरुवार को सभापति अमृत कलासुआ ने इन प्रदूषण मुक्त ट्रिपरों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नगर परिषद आयुक्त प्रकाश डूडी ने बताया कि शहर के सभी 40 वार्डों में प्रतिदिन गीला और सूखा कचरा एकत्रित किया जाता है। पुराने वाहनों के खराब होने और उनकी बॉडी जर्जर होने के कारण कचरा संग्रहण में दिक्कतें आ रही थीं। इन समस्याओं को देखते हुए ठेकेदार को नए वाहनों के माध्यम से कचरा एकत्रित करने के निर्देश दिए गए थे। पहले चरण में डीजल इंजन वाले पुराने वाहनों के स्थान पर ये आठ नए सीएनजी और पेट्रोल वाहन जोड़े गए हैं। इनसे प्रदूषण काफी कम होगा, जिससे शहर में प्रदूषण मुक्त कचरा संग्रहण सुनिश्चित होगा। इन नए वाहनों में स्वच्छता के गीत बजाने के लिए साउंड सिस्टम और सही समय पर निगरानी के लिए जीपीएस सिस्टम भी लगाया गया है। वाहनों के नए रंग-रोगन से उनकी सुंदरता भी बढ़ेगी। आयुक्त ने बताया कि जल्द ही अन्य पुराने वाहनों को भी नए प्रदूषण मुक्त वाहनों से बदला जाएगा। इस अवसर पर उपसभापति सुदर्शन जैन, भावना राव, नीलम जैन, जयेश लोधावरा, सूर्यवीर सिंह राठोड, भूपेश शर्मा, अशोक चौबीसा, राजीव चौबीसा, भानु कुमार सेवक, जीतेन्द्र भोई, जग्गनाथ भोई, नरेश यादव, भरत जोशी, गौरव यादव सहित पार्षदगण और नगर परिषद के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


