डेढ़ करोड़ की लागत से शहर में सेंट्रल लाइटिंग:दीपावली से पहले इंदौर नाका से जेतपुरा तक जगमग होगा रास्ता

धार में मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना के चौथे चरण के तहत शहर में सेंट्रल लाइटिंग का काम तेजी से जारी है। करीब 1.5 करोड़ रुपए की लागत से चल रही यह परियोजना दीपावली से पहले पूरी होने की तैयारी में है। नगर पालिका का दावा है कि इंदौर नाका से जेतपुरा बायपास और मांडू लिंक रोड तक का पूरा मार्ग रोशनी से जगमगा उठेगा। परियोजना को दो चरणों में पूरा किया जा रहा है। पहले चरण में नागदा-गुजरी पुल से मांडू रोड तक लाइटें लगाई जा चुकी हैं, जबकि दूसरे चरण में इंदौर नाका से जेतपुरा तक का काम अंतिम दौर में है। निर्माण एजेंसी ने 22 सितंबर से शुरू किए गए काम में अब तक एक किलोमीटर क्षेत्र में 70 पोल पर 140 एलईडी लाइटें लगा दी हैं। दोनों प्रमुख मार्गों पर कुल 150 पोल और 340 एलईडी लाइटें लगाने का लक्ष्य रखा गया है। नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार ट्रांसफॉर्मर इंस्टालेशन का काम पूरा हो चुका है, केवल केबल कनेक्शन देना बाकी है। मौसम और तकनीकी अड़चन न आई तो दीपावली से पहले दोनों सड़कें सेंट्रल लाइट की चमक से रोशन होंगी। सीएमओ वी.के. सिंह ने बताया कि दीपावली से पहले ट्रायल रन किया जाएगा, उसके बाद औपचारिक रूप से लाइटिंग व्यवस्था शुरू कर दी जाएगी। उन्होंने कहा, “यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा, तो इस दीपावली पर धार की सड़कों पर केवल दीये ही नहीं, बल्कि आधुनिक एलईडी लाइटों की चमक भी शहर को नई पहचान देगी।”

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *