चर्चित डेनिस बावरिया हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहे 5000 रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई कोतवाली पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) ने एक संयुक्त ऑपरेशन के तहत की है। पुलिस ने सुरेंद्र गुर्जर को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक (SP) बृजेश ज्योति उपाध्याय के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई के बाद अब इस मामले में गिरफ्तार होने वाले आरोपियों की संख्या 15 हो गई है। लोकेशन ट्रेस कर गोवला में दी दबिश पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि हिस्ट्रीशीटर हत्याकांड का आरोपी सुरेंद्र गुर्जर, निवासी गोवला, अपने किसी गुप्त ठिकाने पर छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि होने के बाद कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार नील और DST कांस्टेबल सुरेंद्र काजला की टीम ने तकनीकी विश्लेषण की मदद ली। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को उसके ठिकाने से ही धर दबोचा। यह था मामला
घटना पिछले साल अक्टूबर माह की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपियों ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए खौफनाक साजिश रची थी। बदमाशों ने डेनिस उर्फ नरेश कुमार की गाड़ी को बीच सड़क पर जोरदार टक्कर मारकर रोका। टक्कर के बाद बदमाशों ने हथियारों के दम पर डेनिस को उसकी गाड़ी से बाहर निकाला और अगवा कर रसोड़ा के जोहड़ में ले गए। लोहे के सरियों, पाइपों और डंडों से डेनिस पर तब तक हमला किया गया, जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। बदमाश उसे मृत समझकर मौके पर ही फेंककर फरार हो गए। जयपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।


