डेहलों में शनिवार दोपहर नहर में नहाने गया 15 वर्षीय सन्नी डूब गया। सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे उसका शव नंगल डैम के पास से 43 घंटे बाद बरामद हुआ। शनिवार दोपहर करीब 12 बजे सन्नी के पांच दोस्त बाइक पर उसे फ्लाई साहिब गुरुद्वारा साहिब के पास नहर में नहाने ले गए थे। सन्नी तैरना नहीं जानता था। उसने नहर में जाने से मना भी किया, लेकिन दोस्तों ने जबरन रेलवे पुल के पास ले जाकर शरारत में पैर पकड़कर पानी में धक्का दे दिया। आरोप है कि हादसे के बाद भी सभी दोस्त नहर में मस्ती करते रहे। करीब 20 मिनट बाद जब सन्नी पानी में दिखाई नहीं दिया तो खोजबीन शुरू की गई। लेकिन, शाम 5 बजे तक कुछ पता नहीं चला। बाद में उन्होंने परिजनों को जानकारी दी।


