सवाई मानसिंह हॉस्पिटल (SMS) के जनरल सर्जरी डिपार्टमेंट के सीनियर प्रोफेसर डॉ. बी.एल. यादव का आज अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव बेगस जयपुर में किया गया। डॉक्टर यादव की अंतिम यात्रा में बेगस समेत आसपास के गांव के सैंकड़ों ग्रामीणों संग पूर्व मंत्री लालचंद कटारिया, राजेन्द्र यादव, पूर्व सांसद करण सिंह यादव, एसएमएस मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी समेत एसएमएस हॉस्पिटल के तमाम डॉक्टर्स और पैरा-मेडिकल स्टाफ के लोग पहुंचे। डॉक्टर यादव के निधन के शोक में बेगस कस्बा और उसके आसपास के बाजार रविवार और सोमवार को पूरी तरह बंद रहे। इससे पहले आज दोपहर करीब 2 बजे डॉ. यादव की पार्थिव देह महाराष्ट्र से उनके गांव पहुंची। उनके पुत्र डॉ. वीरेंद्र यादव ने मुखाग्नि दी। आपको बता दें कि महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में रविवार को सर्जन की कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के लिए डॉक्टर यादव वहां गए थे। सेमिनार में ही सीने में दर्द उठा था, जिसके बाद उन्हें पास के हॉस्पिटल लेकर जा गया, जहां पर उनकी मौत हो गई। ASI में निर्विरोध बने थे अध्यक्ष एसोसिएशन ऑफ सर्जन ऑफ इंडिया (ASI) के राजस्थान चैप्टर के करीब 6 माह पहले हुए चुनाव में डॉ. बी.एल. यादव अध्यक्ष बने थे। पूरे राजस्थान में उनके सामने किसी ने चुनाव लड़ने के लिए नामांकन नहीं भरा था। इसके बाद उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया था। डॉ. यादव इससे पहले एसोसिएशन के तीन साल तक राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा एसएमएस मेडिकल कॉलेज से अटैच ट्रोमा सेंटर का नोडल ऑफिसर का चार्ज भी सरकार ने उन्हें सौंप रखा था।


