डॉक्टर के प्लॉट पर कब्जे की कोशिश, फायरिंग:पड़ोसी ने परिवार पर किया जानलेवा हमला; दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

एक डॉक्टर के खाली पड़े प्लॉट पर कब्जा करने के लिए पड़ोसी बदमाश ने झगड़ा कर गोलियां चला दीं। जब डॉक्टर के परिजन ने विरोध किया तो हमलावर ने अपने साथी बुला लिए और फिर गोलियां चला दीं। घटना शुक्रवार रात गोला का मंदिर स्थित कृष्णा नगर में मिश्रा हॉस्पिटल के पास की है। पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद शनिवार रात को दो आरोपियों को डबरा से गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश की जा रही है। पकड़े गए आरोपियों भानु गुर्जर व श्याम गुर्जर से पूछताछ की जा रही है। ऐसे समझिए पूरा मामला शहर के दीनदयाल नगर निवासी 39 वर्षीय सौरभ मिश्रा के भाई कुलदीप मिश्रा पेशे से डॉक्टर हैं और गोला का मंदिर स्थित कृष्णा नगर में उनका अस्पताल है। अस्पताल के पास ही सौरभ और कुलदीप का एक प्लॉट है, जिस पर सौरभ ने कुछ दिन पहले ईंटें रखवा दी थीं। शुक्रवार शाम पास में रहने वाला भानू गुर्जर वहां पहुंचा और प्लॉट को अपना बताते हुए ईंटें हटाने लगा। जब सौरभ ने इसका विरोध किया तो भानू गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर वह अपने घर गया और 315 बोर की राइफल लेकर वापस लौटा। राइफल हाथ में आते ही उसने सौरभ मिश्रा को निशाना बनाकर फायरिंग शुरू कर दी, जिससे सौरभ और उसके परिवार की जान खतरे में पड़ गई। कुछ देर बाद भानू अपने साथियों को भी बुला लाया और दोबारा गोलीबारी की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद भानू गुर्जर सहित दो अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। भागने से पहले पुलिस ने दबोचे हमलावर फायरिंग की घटना के बाद पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान सूचना मिली कि मुख्य आरोपी भानू गुर्जर डबरा में छिपा हुआ है। जानकारी मिलते ही गोला का मंदिर थाना प्रभारी हरेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने डबरा में दबिश देकर भानू गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ मौजूद श्याम गुर्जर को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है, जो इस वारदात में शामिल बताया जा रहा है। जांच में सामने आया है कि श्याम गुर्जर हत्या के प्रयास के एक मामले में पहले से फरार चल रहा था। दोनों आरोपियों को पुलिस गोला का मंदिर थाना लेकर आई है, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। हॉस्पिटल के CCTV में कैद हुए बदमाश घटना के बाद जब डॉक्टर कुलदीप मिश्रा ने अपने हॉस्पिटल के बाहर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली, तो उसमें पड़ोसी भानू गुर्जर अपने साथियों के साथ हंगामा करते हुए साफ नजर आया। पुलिस ने यह CCTV फुटेज जब्त कर लिए हैं, जिनके आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। इस संबंध में थाना प्रभारी गोला का मंदिर हरेन्द्र शर्मा ने बताया कि कृष्णा नगर इलाके में एक प्लॉट को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान पड़ोसी द्वारा फायरिंग की गई। मामले में मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और दोनों से फिलहाल पूछताछ जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *