बारां में पिछले साल जुलाई में हुई डॉक्टर दंपती के घर की गई लूट के मामले में पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनामी फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी से लूट के माल की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है। एसपी राजकुमार चौधरी के अनुसार, 29 जुलाई को जिला अस्पताल के सामने रहने वाले डॉ. एस के अग्रवाल और उनकी पत्नी डॉ. उषा अग्रवाल के घर में लूट की वारदात हुई थी। शाम 5-6 बजे मेडिकल स्टोर संचालक दिनेश गोस्वामी रोजाना की तरह पैसे देने आया था। इसी दौरान दो नकाबपोश बदमाश भी घर में घुस गए। तीनों ने डॉक्टर दंपती को चाकू दिखाकर धमकाया और विरोध करने पर महिला डॉक्टर को चाकू से घायल कर दिया। बदमाशों ने करीब 5-6 लाख रुपए नकद, हीरे की अंगूठी, चांदी के बर्तन, सिक्के और पायजेब समेत कीमती सामान लूट लिया। डॉक्टर दंपति को कपड़े और टेप से बांधकर फरार हो गए। पुलिस ने पहले ही दिनेश गोस्वामी, अजय बैरवा, भरत गोस्वामी, रूपचंद बैरवा और रणजीत गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया था। इनसे 2.97 लाख रुपए नकद, चांदी की पूजा थाली, सिंदूर डिब्बी, गणेश जी की मूर्ति, तिलक डिब्बी, चांदी की अंगूठी, बिछिया, पायल और 26 चांदी के सिक्के बरामद किए गए थे। घटना में शामिल आरोपी कोटा के इटावा निवासी राजवीर गोस्वामी लंबे समय से फरार चल रहा था। फरार आरोपी राजवीर गोस्वामी की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। जिसे कोतवाली थाना पुलिस ने अथक प्रयास कर फरार इनामी आरोपी इटावा निवासी राजवीर उर्फ जुगराज गोस्वामी पुत्र बाबूलाल गोस्वामी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस गिरफ्तार आरोपी से डॉक्टर दंपती के घर पर लूट की गई राशि व अंगूठी व चांदी के सिक्कों के बारे में गहनता से पूछताछ कर रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम मे सीआई वासुदेव सिंह, एएसआई परशुराम, हैड कॉन्स्टेबल पवन कुमार, हरीश भाटी, कृष्णमुरारी आदि शामिल रहे।


