दौसा में ANM को फोन पर ट्रांसफर की धमकी देने वाले डॉक्टर को सोमवार को APO (अटैच्ड पेंडिंग ऑर्डर) कर दिया गया है। सोमवार को दौसा जिला मुख्यालय पर ANM संघ ने प्रदर्शन कर आरोपी डॉक्टर के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। पीड़ित महिला ने 18 जनवरी को बांदीकुई (दौसा) के कोलबा थाने में डॉक्टर के खिलाफ फोन पर धमकाने और ट्रांसफर कराने की शिकायत दी। जानकारी के अनुसार पीड़ित ANM कांता सैन बांदीकुई के श्यामसिंह पुरा पीएचसी में तैनात थीं। 18 जनवरी को उनका ट्रांसफर खेड़ा बास रामगढ़ (सवाई माधोपुर) ट्रांसफर हो गया। इस पर कांता ने कोलबा थाने में शिकायत दी कि 4 जनवरी को बांदीकुई के देलाडी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. कपिल धाबाई ने उसे फोन कर अभद्र भाषा में बात की थी और तबादले की धमकी दी थी। महिला ने डॉ. कपिल का ऑडियो भी पुलिस को सौंपा। जिसमें वे ANM कांता सैन को धमकी दे रहे हैं। डॉक्टर ने न केवल ट्रांसफर की धमकी दी, बल्कि यह भी कहा कि स्थानीय विधायक (भागचंद टांकड़ा) भी कुछ नहीं बिगाड़ सकते। कोलबा थाना इंचार्ज अजय सिंह ने बताया-एएनएम कांता की ओर से परिवाद दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। मामले पर ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (बांदीकुई) डॉ. बनवारीलाल कुम्हार ने बताया- ऑडियो सामने आने के बाद कार्रवाई करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ अधिकारी (दौसा) सीताराम मीना ने डॉक्टर कपिल धाबाई को एपीओ कर दिया है। चार सदस्यीय कमेटी का गठन कर मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। सोमवार को ANM संघ ने किया प्रदर्शन सोमवार को मामले को लेकर एएनएम संघ ने दौसा में प्रदर्शन किया। संघ की जिला अध्यक्ष रमारानी वर्मा ने कहा- जिला चिकित्सा अधिकारी और जिला कलेक्टर को ज्ञापन दिया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जाए। पीड़ित एएनएम कांता सैन का ट्रांसफर यथास्थान रखा जाए। अगर महिला को न्याय नहीं मिला तो राजस्थान के सभी जिलों की महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता (ANM) और बीएचएस काली पट्टी बांधकर काम करेंगी। डॉक्टर ने 4 दिसंबर को फोन कर क्या कहा था डॉक्टर- हैलो, मै डॉक्टर बोल रहा हूं
एएनएम- बोलो
डॉक्टर- करवा दिया आपका ट्रांसफर। बाडमेर,जैसलमेर वहां करवा दिया आपका ट्रांसफर। पैकिंग करना चालू कर देना आप।
एएनएम-ठीक है। कौनसी जगह कराया है।
डॉक्टर-मेरे से बहस करने का आपको रिजल्ट मिला है। ट्रांसफर करवा दिया है, पैकिंग कर लेना और गुड बाय
एएनएम-बता देना, कहां पर है।
डॉक्टर-जो भी होगा न, आपको समझ में आ जाएगा। ट्रांसफर बैन होने के बाद।
एएनएम-आप डॉक्टर साहब तो नहीं बोल रहे हो। कोई और बोल रहा है।
डॉक्टर-जो भी बोल रहा है न, आपके पास ऑर्डर आ जाएंगे।
एएनएम- हां तो गैरकानूनी काम कराने पर ट्रांसफर कराएंगे। गैरकानूनी काम थोड़े ही करेंगे।
डॉक्टर-अब लीगल तरीके से ही ट्रांसफर हो गया है आपका, पैकिंग कर लेना, आपका शुभ चिंतक बोल रहा हूं।
एएनएम-कौन बोल रहे हो नाम बताओ?
डॉक्टर-डॉ. कपिल धाबाई बोल रहा हूं। बीसीएमओ के आदेश के अनुसार, सीएमएचओ के आदेश के अनुसार, जो बिगाड़ना था, तेरा हो गया ट्रांसफर। जिसका भी नाम लेना हो, ले देना।
एएनएम-सीएमएचओ का आदेश बताओ
डॉक्टर-तेरी तो मैंने कर दी कार्रवाई, बहुत उछल रही थी न।
एएनएम-क्या उछल रही थी मैं?
डॉक्टर-मेरा तो कुछ भी बिगाड़ लिया क्या ?
एएनएम-क्या बोला मैंने?
डॉक्टर-तेरा ट्रांसफर हो गया, समझ गई।
एएनएम-सीएमएचओ का आदेश बताओ न
डॉक्टर-सुन, ऑर्डर लिस्ट आ गई है, समान पैकिंग कर ले। तेरी हैसियत नहीं है। तेरी औकात नहीं है। अब तू भौंकती रह। कपिल धाबाई के आगे बोलेगी।
एएनएम-क्या औकात नहीं है मेरी?
डॉक्टर-कपिल धाबाई का आदेश था, तुझे भगा दिया। बाड़मेर, जैसलमेर में तेरी आवाज भी सुनाई नहीं देगी। पड़ी रहना। तेरी ऐसी-तैसी करा वहां। मेरी रिकॉर्डिंग कर चाहे जिसे सुना। सीएमएचओ को सुना, ये कपिल धाबाई के वर्ड हैं ये। विधायक के खिलाफ भी की आपत्तिजनक टिप्पणी इस दौरान डॉक्टर कपिल धाबाई ने विधायक भागचंद टांकडा के लिए भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। डॉक्टर ने एएनएम से कहा-‘तू तेरी नौकरी में कभी सफल हो जाए तो मुझे बता देना। ये विधायक (भागचंद टांकड़ा) गुर्जर-मीना के खिलाफ है, लेकिन तू इसी के समाज की है। तेरा ट्रांसफर सबसे पहले कराया है। मेरी कुर्सी तू हिला नहीं सकती और तेरी कुर्सी मैंने उखाड़ फेंकी। यहां का विधायक भी मेरी कुर्सी नहीं हिला सकता। वो कुछ नहीं बिगाड़ सकता मेरा। ऑडियो में मेरी आवाज नहीं- डॉक्टर इस संबंध में डॉक्टर कपिल धाबाई का कहना है कि जो ऑडियो वायरल हो रहा है। उसमें मेरी कोई आवाज नहीं है। एएनएम ने ही मेरे नाम से कही आवाज रिकार्ड की है। एएनएम एक साल से अपने क्षेत्र में बनने वाले जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र पर साइन नहीं कर रही थी। एक जनवरी को मेरे पास सीएमओ से फोन आया था कि श्यामसिंहपुरा की एक महिला की मौत हुई है। उसके मृत्यु प्रमाण पत्र पर एएनएम साइन नहीं कर रही है। आप उसको समझाकर साइन करवाओ। उसे समझाया लेकिन उसने बात नहीं मानी। हमारे अधिकारियों ने भी उसे समझाया लेकिन वह साइन करने तैयार नहीं हुई। रही बात ट्रांसफर की तो मेरे हाथ में किसी का ट्रांसफर करवाना नहीं है। आरोप- ANM से फर्जी प्रमाण पत्र पर साइन कराना चाहता था डॉक्टर एएनएम संघ बांदीकुई की ब्लॉक अध्यक्ष सरोज बैरवा ने बताया- श्यामसिंहपुरा क्षेत्र के किसी व्यक्ति की मृत्यु हो गई थी। उसकी मौत श्यामसिंहपुरा में नहीं होकर बाहर हुई थी। उसके मृत्यु प्रमाण पत्र पर डॉक्टर कपिल एएनएम कांता से जबरदस्ती साइन करवाना चाहता था। जबकि एएनएम कांता का कहना था कि उस व्यक्ति की मृत्यु उसके एरिया में नहीं हुई है, बाहर हुई। वह साइन नहीं करेगी। इस बात को लेकर डॉक्टर एएनएम से विवाद कर रहा था। थाना प्रभारी बोले-मामले की जांच कर रहे हैं
कोलवा थाना प्रभारी अजय सिंह ने बताया-एएनएम कांता सैन ने डॉक्टर कपिल धाबाई के खिलाफ नामजद शिकायत दी है। जिसमें बताया कि डॉक्टर ने उसके साथ मोबाइल पर अभद्र व्यवहार किया है। जिसकी रिकार्डिग उनके पास है। डॉक्टर की उन्होंने शिकायत की तो अब डॉक्टर एएनएम का वेतन नहीं बना रहा। परिवाद की जांच कर रहे थाने के एएसआई गिर्राज प्रसाद ने बताया-मैने एएनएम को बयान देने के लिए फोन किया था। मगर एएनएम का कहना था कि मेरी तबीयत अभी खराब है। जब सही हो जाएगी तो बयान देने आ जाऊंगी। अब हमने इस मामले में चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को भी पत्र भेजा है। उनसे भी इस मामले की जानकारी ले रहे है।


