डॉक्टर पर आरोप- बच्ची को गलत इंजेक्शन लगाया, मौत:परिजन बोले- सर्दी-बुखार होने पर बेटी को दिखाया था; क्लिनिक बंद कर परिवार समेत भागा

सीहोर में एक डॉक्टर पर 2 साल की बच्ची को गलत इंजेक्शन लगाने का आरोप है। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए, यहां बच्ची कोमा में चली गई। मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। इसके बाद से डॉक्टर परिवार समेत फरार है। घटना ग्राम पिपलिया मीरा की है। यहां रहने वाले कन्हैयालाल कुशवाहा अपनी बेटी दीक्षा (2) को सर्दी-बुखार होने पर ग्राम बरखेड़ी में मुस्कान क्लिनिक पर लाए थे। यहां डॉक्टर अशोक विश्वकर्मा ने बच्ची को चेक किया था। परिजन का आरोप है कि डॉक्टर ने बच्ची को इंजेक्शन लगाया था, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ी। पुलिस ने बच्ची का पोस्टमॉर्टम करवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। सीहोर जिला अस्पताल से भोपाल रेफर किया
परिजन बच्ची को जिला अस्पताल सीहोर ले गए। यहां से उसे हमीदिया अस्पताल भोपाल रेफर कर दिया गया, लेकिन परिजनों ने उसे भोपाल के मनन चाइल्ड केयर हॉस्पिटल, लालघाटी में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने बच्ची की हालत नाजुक बताई। इलाज के दौरान उसे होश नहीं आया। मंगलवार सुबह बच्ची की मौत हो गई। जिला अस्पताल में मौजूद रहा डॉक्टर का बेटा
परिजनों ने यह भी बताया कि आरोपी डॉक्टर का बेटा देव विश्वकर्मा इलाज के दौरान जिला अस्पताल में दो घंटे तक मौजूद रहा, लेकिन बाद में वह चुपचाप गांव लौट गया। इस बात को लेकर परिजनों ने डॉक्टर के व्यवहार पर भी सवाल खड़े किए हैं। क्लिनिक बंद कर भागा आरोपी
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं, घटना के बाद से ही आरोपी डॉक्टर परिवार समेत फरार है, क्लिनिक पर ताला लगा है। कोतवाली थाना प्रभारी रविंद्र यादव ने बताया, परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने ग्राम पिपलिया मीरा पहुंचकर जानकारी जुटाई है। बच्ची का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। पीएम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *