लुधियाना| एससी डिपार्टमेंट के चेयरमैन राहुल डुलगच के नेतृत्व में सराभा नगर में अमित शाह का पुतला फुका गया। इस अवसर पर पंजाब कांग्रेस के एससी डिपार्टमेंट के चेयरमैन कुलदीप सिंह वैद विशेष रूप से उपस्थित रहे। कुलदीप सिंह वैद और राहुल डुलगच ने बताया कि उनके कार्यकर्ताओं ने मनुस्मृति को जलाया क्योंकि आरएसएस और बीजेपी की विचारधारा मनुस्मृति को मानने की है, जो विशेष वर्ग और व्यक्ति विशेष को सुविधाएं और अधिकार देने का समर्थन करती है। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर जी ने 1927 में आज ही के दिन मनुस्मृति को जलाकर इसे अस्वीकार किया था और संविधान के माध्यम से उन्होंने देश के प्रत्येक नागरिक को समानता का अधिकार प्रदान किया। हाल ही में गृह मंत्री अमित शाह ने डॉ. अंबेडकर के बारे में विवादास्पद बयान दिया था, जिससे अंबेडकर के अनुयायियों के दिलों को ठेस पहुंची है।


