डॉ. अम्बेडकर नगर-कोटा-नई दिल्ली एक्सप्रेस ट्रेन को रविवार (13 अप्रैल) को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस ट्रेन को चार जगह से हरी झंडी दिखाई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से डॉ अंबेडकर नगर कोटा नई दिल्ली 20155/56 एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने भी डॉ अंबेडकर नगर से हरी झंडी दिखाई। समाजसेवी और पूर्व लोकसभा स्पीकर सुमित्र महाजन के निजी सलाहकार नागेश नामजोशी ने सोशल मीडिया पर लिखा- मेरी स्मृति में यह पहली घटना होगी। जिसमें एक ही गाड़ी को केवल उद्घाटन समारोह के लिए दो टुकड़ों में चलाया जाएगा। जिससे श्रेय में आसानी हो सके। इसे वर्ल्ड रिकॉर्ड मे सम्मिलित किया जाना चाहिए। राजस्थान और मध्य प्रदेश के पर्यटन/दर्शनीय स्थलों को बढ़ावा देने और यात्री सुविधाओं के साथ सुगम आवागमन के उद्देश्य से रेलवे द्वारा नियमित रेल सेवा के रूप में ट्रेन नंबर 20155/20156 डॉ. अम्बेडकर नगर- नई दिल्ली- डॉ. अम्बेडकर नगर एक्सप्रेस ट्रेन को चलाने का निर्णय लिया है। ट्रेन का नियमित संचालन भारतीय संविधान निर्माता बाबासाहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर उनकी जन्मस्थली ‘महू’ शहर के डॉ. अम्बेडकर नगर रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के बीच किया जाएगा। इसी तरह कोटा से ट्रेन नं. 02055 कोटा-नई दिल्ली स्पेशल ट्रेन और डॉ. अम्बेडकर नगर से 09355 डॉ. अम्बेडकर नगर – कोटा स्पेशल ट्रेन का शुभारंभ किया जाएगा। धार्मिक, शिक्षा और व्यापार को मिलेगा बढ़ावा 02055 कोटा-नई दिल्ली एक्सप्रेस (स्पेशल ट्रेन सेवा) नई ट्रेन के शुभारंभ में उद्घाटक सेवा गाड़ी संख्या 02055 स्पेशल कोटा से रविवार, 13 अप्रैल को रात 22.30 बजे प्रस्थान कर सवाई माधोपुर, गंगापुर सिटी, बयाना, भरतपुर, मथुरा एवं हजरत निजामुद्दीन होकर नई दिल्ली सुबह 05.20 बजे पहुंचेगी। 09355 डॉ. अम्बेडकर नगर – कोटा एक्सप्रेस (स्पेशल ट्रेन सेवा) नई ट्रेन के शुभारंभ में उद्घाटक सेवा गाड़ी संख्या 09355 स्पेशल डॉ. अम्बेडकर नगर से रविवार, 13 अप्रैल को रात 22.30 बजे प्रस्थान कर इन्दौर, देवास, उज्जैन, नागदा, शामगढ़, भवानीमंडी एवं रामगंजमंडी होकर कोटा सुबह 04.25 बजे पहुंचेगी। 20156/20155 नई दिल्ली-डॉ अम्बेडकर नगर- नई दिल्ली के बीच नई ट्रेन गाड़ी के ठहराव यह नई गाड़ी दोनों दिशाओं में नई दिल्ली-डॉ अम्बेडकर नगर के बीच हजरत निजामुद्दीन, मथुरा, भरतपुर, बयाना, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रामगंजमंडी, भवानीमंडी, शामगढ़, नागदा, उज्जैन, देवास एवं इंदौर स्टेशनों पर रुकेगी।


