डॉ. आरके मीणा होंगे दौसा जिला अस्पताल के पीएमओ:अतिरिक्त चार्ज संभाल रहे डॉ. दीपक शर्मा ​अब डिप्टी सीएमएचओ रहेंगे

दौसा जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी को साढ़े चार महीने बाद एक बार फिर से बदल दिया गया है। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार डॉ. आरके मीणा नए पीएमओ होंगे। डॉ. मीणा पहले से ही जिला अस्पताल में वरिष्ठ फिजिशियन के रूप में पदस्थ थे। आदेश के तहत पीएमओ का पदभार संभाल रहे डॉ. दीपक शर्मा अब फिर से उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी हेल्थ का कार्य संभालेंगे। विभागीय सूत्रों की मानें तो लंबे समय से जिला अस्पताल में कोई भी पीएमओ लगातार 6 माह कार्यकाल भी पूरा नहीं कर पा रहा है। दरअसल, जिला अस्पताल के तत्कालीन पीएमओ डॉ. शिवराम मीणा 31 अगस्त को सेवानिवृत हुए थे। इसके बाद विभाग ने आदेश जारी कर डिप्टी सीएमएचओ डॉ. दीपक शर्मा को अतिरिक्त चार्ज सौंपा था। डॉ. शर्मा ने 1 सितम्बर को जिला अस्पताल में बतौर पीएमओ जॉइन किया था। ऐसे में 4 माह 16 दिन बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने फिर से आदेश जारी कर जिला अस्पताल में पदस्थ डॉ. आरके मीणा को पीएमओ लगाया है। पीएमओ की कुर्सी को लेकर बार-बार विवाद
दौसा जिला अस्पताल के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी की कुर्सी को लेकर पिछले वर्षों में कई बार विवाद की स्थिति रही है। करीब 2 साल पहले डॉ. दीपक शर्मा कुछ दिनों के लिए पीएमओ लगे, जिनके बाद डॉ. शिवराम मीणा को पीएमओ लगा दिया गया। डॉ. मीणा का ट्रांसफर हिण्डौनसिटी जिला अस्पताल में कर सीएमएचओ डॉ. सुभाष बिलोनिया को पीएमओ लगा दिया गया। उधर, डॉ. शिवराम मीणा कोर्ट स्टे लेकर आए और साढे़ तीन माह बाद डॉ. बिलोनिया की जगह उन्होंने फिर से पीएमओ की कुर्सी संभाली। जिनके सेवानिवृत होने के बाद डिप्टी सीएमएचओ डॉ. दीपक शर्मा को अतिरिक्त चार्ज दिया गया था। जिन्हें भी साढे़ 4 माह बाद हटाकर अब डॉ. आरके मीणा को नया पीएमओ लगाया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *