भास्कर न्यूज| चाईबासा शनिवार को रोटरी क्लब चाईबासा के तत्वावधान में सदर प्रखंड के पम्पाड़ी गांव में ग्रामीणों के बीच 100 कंबलों का निःशुल्क वितरण किया गया। यह कार्यक्रम रूंगटा संस प्राइवेट लिमिटेड चाईबासा द्वारा प्रायोजित था। कार्यक्रम में भारत के पूर्व राजदूत डॉ. दीपक बोहरा (आईएफएस) उपस्थित थे। उन्होंने ग्रामीणों को नववर्ष की शुभकामनाएं दी। भारतीय संस्कृति पर गर्व करते हुए उन्होंने कहा कि इंडिया जिसे हिंदुस्तान, भारत, आर्यवर्त, आदि नामों से जाना जाता है, जो हमारी वैदिक सभ्यता से जुड़ी है। आज पूरा विश्व भारत के विकास पर चर्चा करता है। डॉ. बोहरा ने झारखंड की सांस्कृतिक परंपराओं को भी ग्रामीणों के साथ साझा किया। इसके साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से वादा करवाया कि वह आज से तंबाकू एवं शराब का सेवन नहीं करेंगे। संयोजक रोटेरियन महेश खत्री ने बताया कि रोटरी क्लब चाईबासा द्वारा समय-समय पर स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पर्यावरण से संबंधित कार्यक्रम होते रहते हैं। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में रोटरी सचिव सुशील चौमाल, अनिल शर्मा, कविता शर्मा, सुनीता खिरवाल, नरेंद्र ठक्कर, हिना ठक्कर, सुशील मूंधड़ा आदि का सहयोग रहा।


